दिल्ली सचिवालय में हुई कार्यशाला, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा समुदाय स्तर पर सक्रिय भागीदारी जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते स्वाइन फ्लू (एच1एन1) व डेंगू के मामलों को देखते हुए दिल्ली सचिवालय में पार्षदों व जनप्रतिनिधियों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां मजबूत करना व समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना था।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों को स्वाइन फ्लू व डेंगू के लक्षण, रोकथाम, समय पर पहचान व उपचार की व्यावहारिक जानकारी दी गई। मंत्री ने कहा कि बीमारी की रोकथाम को केवल अस्पतालों तक सीमित न रखते हुए आरडब्ल्यूए, स्कूलों, मार्केट एसोसिएशन, कम्युनिटी संगठनों व सफाई टीमों को भी शामिल करना चाहिए। कंस्ट्रक्शन साइट, ड्रेनेज, कचरे व पानी से जुड़ी जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें।
उन्होंने पार्षदों से स्वास्थ्य विभाग व फील्ड टीमों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया। साथ ही दिल्लीवासियों को आगाह किया कि हर बुखार को स्वाइन फ्लू या डेंगू न समझें, बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह जरूर लें। कार्यशाला में हाथ धोने, खांसते-छींकते समय मुंह ढकने, भीड़ में मास्क पहनने, पर्याप्त आराम व तरल पदार्थ लेने की जानकारी भी दी गई।