द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टड अकाउंटेंट (आईसीएआई) के विद्यार्थी किसी भी प्रकार का फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे। फॉर्म भरने के बाद उसकी स्थिति की भी जांच की जा सकेगी। इतना ही नहीं ऑनलाइन ही फोन नंबर, पता व ईमेल में बदलाव की सुविधा मिलेगी। इसके लिए संस्थान ने एक स्टूडेंट लाइफ साइकिल पोर्टल तैयार किया है। जिसकी शुरुआत जल्द की जाएगी। संस्थान के छात्रों के पास अब तक ऑफलाइन फॉर्म भरने की ही सुविधा थी।
पोर्टल के शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को किसी भी जानकारी के लिए संस्थान के विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संस्थान ने हाल ही में वर्चुअल कक्षाओं की भी शुरुआत की है। जल्द लांच होने वाले पोर्टल का उपयोग छात्र संस्थान से जुड़े अपने सभी कार्यों के लिए कर सकेंगे। अब वह हर प्रकार के फॉर्म ऑनलाइन भरकर उसकी स्थिति का पता भी लगा सकेंगे।
वहीं संस्थान छात्रों को एक और राहत देने जा रहा है। सीए की पुरानी स्कीम के तहत सीए की पढ़ाई के दूसरे लेवल आईपीसीसी (इंटरग्रेटिड प्रोफेशनल कॉम्पिटेंसी कोर्स) में पंजीकृत छात्रों को मई 2019 के बाद क्वालिफाई होने के लिए दो और मौके मिलेंगे। आईसीएआई अध्यक्ष एन.डी गुप्ता ने कहा कि सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है और आईसीएआई छात्रों की समस्याओं व मुद्दों को हल करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। संस्थान छात्रों के लाभ के लिए अपने सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।