दिल्ली के अस्पतालों में इलाज कराने वालों को सरकार बड़ी राहत देने जा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार अगले एक सप्ताह में दवाओं पर मूल्य नियंत्रण करेगी। इस कदम से निजी अस्पतालों में दवाओं के लाखों के बिल पर अंकुश लगेगा। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि सरकार के पास निजी अस्पतालों की लगातार शिकायतें आ रही हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी जानकारी देते हुए बीते माह शुरू हुई सड़क दुर्घटना में घायलों को मुफ्त उपचार की योजना के बारे में बताया। इसके तहत अब तक सरकार 200 घायलों का उपचार करवा चुकी है।
हर दिन दिल्ली की सड़कों पर हादसों का शिकार होने के बाद औसतन छह घायलों को सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है। जैन ने बताया कि दिल्ली के सभी निजी अस्पतालों में यह योजना लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कीमतें तय होने के बाद बिलों में करीब 30 से 40 फीसदी तक की कमी आएगी।
जरूरी दवाएं ही लिखेंगे डॉक्टर
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की देशभर में करीब 350 से ज्यादा आवश्यक दवाओं की सूची को सख्ती से लागू किया जाएगा। निजी अस्पतालों और क्लिनिक को इस दायरे में लेकर मरीजों को केवल इसी लिस्ट के तहत दवा देने के निर्देश दिए जाएंगे।