नई दिल्ली इलाके में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को इलाके और सरकारी जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यहां लगे डिजिटल इंटरेक्टिव पैनल पर अंगुलियां चलाने मात्र से उन्हें जरूरी जानकारी मिल जाएगी। उनकी सुविधा के लिए एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस में डिजिटल इंटरेक्टिव पैनल लगाए हैं।
एनडीएमसी के अनुसार, इन पैनलों में सभी सरकारी विभागों की वेबसाइट, रेलवे, एयरलाइंस, रास्ते तलाशने, मैप, बस सेवा, एनडीएमसी सेवा, टूरिस्ट स्पॉट, एयर क्वॉलिटी, फ्री वाईफाई, मोबाइल चार्जिंग पाइंट, सेंसर और निगरानी के लिए कैमरे आदि की सुविधा है। इनसे पर्यटकों को कुछ ही पल में जरूरी जानकारी मिल जाएगी।
पालिका बाजार के प्रवेश द्वार और चरखा म्यूजियम के पास ये पैनल लगाए गए हैं। एनडीएमसी के अनुसार, यह पैनल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए हैं। उसने इस तरह के 50 पैनल खरीदे हैं। ये खान मार्केट, सरोजनी नगर, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, गोल मार्केट, संसद मार्ग, लोदी कॉलोनी, इंडिया गेट, एम्स, आरएमएल अस्पताल आदि स्थानों पर लगाए जाएंगे। ऐसे पैनल अमेरिका की न्यूयॉर्क सिटी में लगे हुए हैं।