अदालत ने आप विधायक इमरान हुसैन के आवेदन पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इमरान हुसैन ने सचिवालय में खुद पर हुए हमले के सिलसिले में मुख्य सचिव अंशु प्रकाश की 19 से 25 फरवरी 2018 कॉल डिटेल रिपोर्ट सुरक्षित करने की मांग की थी। मामला मुख्य सचिव से 19 फरवरी 2018 की रात हुई मारपीट के बाद इमरान हुसैन से हुई मारपीट से जुड़ा है।
तीस हजारी अदालत के महानगर दंडाधिकारी अभिलाष मल्होत्रा ने इमरान हुसैन के आवेदन पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर 20 अगस्त तक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि हुसैन ने सचिवालय में हुए हमले के मामले में थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज करवाई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि उन पर हुए हमले के पीछे मुख्य सचिव की साजिश थी और उनके कहने पर ही सरकारी कर्मचारियों ने उन पर हमला किया था।