चुनाव आयोग ने दिल्ली के भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा को फेसबुक पर प्रधानमंत्री मोदी और विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान वाले पोस्टर लगाने पर नोटिस जारी किया है। आयोग ने फेसबुक पोस्ट हटाने के साथ ही गुरुवार तक जवाब देने को कहा है।
आम चुनाव 11 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं और दिल्ली में छठे चरण में मतदान है। दरअसल दिल्ली के विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शर्मा ने 1 मार्च को सोशल मीडिया पर पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन और स्वयं के पोस्टर शेयर किए थे। पोस्टर में लिखा था, ‘झुक गया पाकिस्तान, लौट आया देश का वीर जवान। इतने कम समय में अभिनंदन की वापसी मोदीजी की बड़ी कूटनीतिक जीत है।’
शाहदरा के डीएम और निर्वाचन अधिकारी केएम महेश ने कहा, ‘हमने शर्मा को अभिनंदन वाली सामग्री फेसबुक पर पोस्ट करने के लिए 11 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे गुरुवार सुबह 11 बजे तक जवाब देने को कहा गया है। यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है और उचित कार्रवाई की जाएगी।’
ओम प्रकाश शर्मा, भाजपा विधायक दिल्ली ने कहा कि, चुनाव आयोग हम जैसे राष्ट्रवादी नेता के खिलाफ पूर्वाग्रह से ग्रसित है। फेसबुक पर इस पोस्ट को आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले डाला गया था।