नार्थ ईस्ट की मृतक नौकरानी के लिए प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
डीएलएफ फेस पांच में नार्थ ईस्ट की रहने वाली नौकरानी की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में अलग-अलग संगठन के लोगों ने एक बैनर के तले मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
जिसके बाद पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच के लिए एसीपी हरेन्द्र के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। इस प्रदर्शन में सभी समुदायों के घरेलू कामगार और अन्य संगठनों, घरेलू कामगार यूनियन (जी.के.यू), नार्थ-ईस्ट फोरम फॉर इंटरनेशनल सॉलिडेरिटी (नेफिस) और आल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन (आबसू) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
ज्ञात हो पिछले दिनों रंजीता ब्रह्मा की मृत्यु के जिम्मेदार लोगों को सुशांत लोक थाने के पुलिसकर्मियों ने बचाने की कोशिश की थी। घरेलू कामगारों और संघर्षशील महिला केंद्र (सी.एस.डब्ल्यू) के विरोध प्रदर्शन के कारण पुलिस को एफ.आई.आर दायर करने को मजबूर होना पड़ा था।