उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कोरोना का संक्रमण लगातार फैलता चला जा रहा है। ताजा मामले में तीन अभियंताओं में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें सहायक, कनिष्ठ और अधिशासी अभियंता शामिल हैं।
अभियंताओं के संपर्क में रहे 15 कर्मचारियों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, निगम मुख्यालय के आठवीं मंजिल पर कार्यरत सहायक अभियंता में कोरोना की पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि आठवीं मंजिल को भी सील कर दिया गया है। इसके अलावा सिविल लाइन जोन में भी एक कनिष्ठ अभियंता कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, नरेला के बिल्डिंग विभाग में तैनात अधिशासी अभियंता में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इनके संपर्क में रहे सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तरी निगम में कोरोना से एक कनिष्ठ अभियंता की मौत भी हो चुकी है जोकि निगम मुख्यालय में तैनात थे। इसके अलावा अब तक 80 से अधिक कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।