अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की सबसे बड़ी संस्था, राजकीय विद्यालय शिक्षक संघ (जीएसटीए) के चुनाव की शुरुआत हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया 30 अक्तूबर से शुरू होकर 4 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में जमा करेंगे। जीएसटीए महासचिव अजय वीर यादव ने सभी पैनलों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों को 31 अक्तूबर को शाम 5 बजे झंडेवालान स्थित निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बैठक के लिए बुलाया है। इसमें चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
पिछले 10 दिनों से सभी पैनल स्कूलों में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। यह दिल्ली के शिक्षा क्षेत्र का सबसे बड़ा चुनाव है, जिसमें 1070 स्कूलों के करीब 50,000 शिक्षक वोट डालकर नई कार्यकारिणी चुनेंगे। एक शिक्षक ने बताया कि यह चुनाव जागरूक समाज का है, इसलिए प्रत्याशियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। बैठक के बाद निर्वाचन अधिकारी सभी सुझावों पर विचार कर अगले निर्देश जारी करेंगे।