सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर एक केस की सुनवाई के दौरान वकील ने जूता फेंकने का प्रयास किया था। इस मामले में सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी थी। इसमें नोएडा के सेक्टर-55 में रहने वाले यूट्यूबर अजीत भारती ने मुख्य न्यायाधीश प्रकरण में सोशल साइट एक्स पर टिप्पणी की थी।
इन टिप्पणियों को सोशल मीडिया पर भड़काऊ बताया गया था और कार्रवाई की मांग की गई थी। इस मामले में मंगलवार को नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने संज्ञान लिया और अजीत भारती को कोतवाली सेक्टर-58 में बुलाया गया। यहां पूछताछ करने के बाद उन्हें सेक्टर-12-22 स्थित एसीपी कार्यालय ले जाया गया।
पूछताछ में डीसीपी से लेकर पुलिस के अन्य अधिकारी शामिल थे। बाद में अजीत भारती को छोड़ दिया गया। दरअसल मुख्य न्यायाधीश पर उनकी टिप्पणियों को भड़काऊ बताकर न्यायपालिका के खिलाफ नफरत फैलाने वाला माना गया। अजीत भारती के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई चर्चाएं होने लगी थी। इस मामले में नोएडा कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। इससे पहले अजीत भारती कार से पुलिस कार्यालय पहुंचे और पूछताछ के बाद बगैर मीडिया से बात किए निकल गए।