कलेक्ट्रेट के पास युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस ।
- फोटो : Grnoida
कलक्ट्रेट के पास युवक की सिर में गोली मारकर हत्या
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट ऑफिस के पास सर्विस रोड पर मंगलवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिला। युवक की सिर में गोली लगने से मौत हुई थी। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। जबकि युवक के परिजनों ने गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है। कासगंज के पटियालीपुर निवासी आदेश ने बताया कि उसका भाई निर्देश कार चलाकर गुजारा करता था। वह किराए पर कमरा लेकर सूरजपुर कस्बे में रहता था। बाद में वह एक मोबाइल की कंपनी में नौकरी करने लगा था। दो दिन से बीमार होने के कारण वह कंपनी नहीं गया था। सोमवार शाम वह अपने कमरे से निकला था। तब से उसका फोन भी बंद था। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि उसका शव कलेक्ट्रेट के पास पड़ा है। पुलिस का कहना है कि युवक के शव के नीचे ही तमंचा बरामद हुआ है। साथ ही उसके फोन की जांच में कुछ युवकों द्वारा हजार दो हजार रुपये मांगने की बात भी सामने आई है। ऐसे में आशंका है कि युवक ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है।
फिर सामने आई सीसीटीवी नहीं होने की खामी
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के दफ्तर हैं। पास ही जिला अदालत और सूरजपुर पुलिस ऑफिस है। बावजूद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना से जुड़ी कोई सीसीटीवी फुटेज बरामद नहीं हुई है। हालांकि आने-जाने वाले मार्ग के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
युवक का शव बरामद हुआ है। सिर में गोली का निशान है, लेकिन फॉरेंसिक अधिकारी ने आशंका जताई है कि युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है। - हरीश चंदर डीसीपी सेंट्रल जोन