चंडीगढ़। सेक्टर-56 के चार मंजिला मकानों में शनिवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई कहासुनी में एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले 29 वर्षीय आरोपी शुभम को रविवार दोपहर मनीमाजरा से गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। आरोपी को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय मृतक विशाल और आरोपी शुभम एक ही पड़ोस में रहते हैं और दोनों शनिवार रात गुरमीत कुमार के घर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में मौजूद थे। दोनों ने शराब पी रखी थी और देर रात करीब 1:30 बजे घर के बाहर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
परिजनों ने झगड़ा शांत करवाने की कोशिश की लेकिन विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान शुभम अपने घर गया और चाकू लेकर बाहर आया। उसने विशाल के पेट और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए और मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल विशाल को सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच कोई रंजिश नहीं थी। मामूली बात ने नशे की हालत में बड़ा रूप ले लिया। विशाल निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा है।