पलवल। सदर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहलाकर और घर से नकदी व आभूषण ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग के पिता की शिकायत पर दो नामजद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी है कि उसकी 17 वर्षीय बेटी जंगल में लकड़ी लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो जानकारी मिली कि गांव के ही रॉबिन और माजिद नामक युवक उसकी बेटी को बहलाकर गलत नीयत से घर से भगा ले गए। दोनों आरोपियों ने उसकी नाबालिग व अनसमझ बेटी को दबाव में लेकर घर से 50 हजार रुपये नकद, करीब 10 ग्राम सोना और लगभग एक किलोग्राम चांदी के कड़े भी निकलवा लिए। दोनों युवक शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनकी बेटी के साथ कोई भी अनहोनी कर सकते हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से बेटी को जल्द बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग लड़की और दोनों आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। संवाद