सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्टे सोसाइटी की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर की पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्टे सोसाइटी में बुधवार को युवक ने 21वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। उसकी पहचान देवरिया निवासी वेदांत शाही के रूप में हुई है। वह स्टूडियो अपार्टमेंट में किराये पर रहता था। उसके पास से बरामद मोबाइल लॉक है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। आशंका है कि वो कई जगह नौकरी के लिए इंटरव्यू देने गया था, लेकिन सफल नहीं होने पर यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि बुधवार दोपहर 3:39 बजे वह अपार्टमेंट में पहुंचा था। इसके करीब 10 मिनट बाद उसने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उसके मोबाइल को खुलवाने के लिए विशेषज्ञ की मदद ली जा रही है। सीडीआर से कॉल डिटेल का पता चलेगा। परिजनों से अभी संपर्क नहीं हो सका है।