- गौतमबुद्ध नगर के चार शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी और खिलाड़ी होंगे शामिल, खेल और युवा विकास पर साझा करेंगे विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत की ओर से बृहस्पतिवार को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में देश के विभिन्न जिलों से युवा, विद्यार्थी और खिलाड़ी एक साथ जुड़ेंगे। मुख्य सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
जिले से शारदा विश्वविद्यालय, गलगोटिया विश्वविद्यालय, सिंबायोसिस डीम्ड विश्वविद्यालय और द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विभिन्न केंद्रों पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें युवा खेल, युवा नेतृत्व, कौशल विकास, स्वयंसेवा और विकसित भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खेल जगत की उपलब्धियों और खिलाड़ियों के अनुभवों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों के साथ संवाद भी किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत2047 की परिकल्पना से जोड़ना और खेल तथा युवा विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके अलावा युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।