नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक युवक के हिंडन नदी में डूब गया। पुलिस के मुताबिक सूरज (24) नदी को तैरकर पार करने का प्रयास कर रहा था। बीच धारा में पहुंचने के बाद वह पानी के अंदर चला गया। पुलिस ने देर रात तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया जो देर शाम तक जारी रहा। कोतवाली सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 25 फुटा चौकी क्षेत्र की झुग्गी बस्ती निवासी सूरज श्रमिक था। बृहस्पतिवार शाम को वह हिंडन नदी पार कर रहा था। कुछ दूरी तक तैरने के बाद वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। युवक के साथ मौजूद साथियों और आसपास के लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह देखते ही देखते पानी में चला गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब 10 से 12 फुट गहरे पानी में तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला। टीम ने स्टीमर और अन्य उपकरणों की मदद से करीब तीन किलोमीटर तक नदी के बेसिन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। ब्यूरो