कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर में घर में कपड़ों पर प्रेस कर रहे 21 वर्षीय युवक निशांत की करंट लगने से मौत हो गई। आंबेडकर रोड स्थित कासमपुर की गली-31 निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह गार्ड की नौकरी करते हैं। उनका इकलौता बेटा निशांत विद्या देवी एकेडमी में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ गंगानगर में एक प्रोपर्टी डीलर के पास नौकरी करता था। सोमवार को युवक ड्यूटी पर जाने के लिए कमरे में कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान प्रेस से करंट का झटका लगा। युवक कमरे में दूर जाकर गिरा। शोर सुनकर परिजन मौके पर दौड़े। बाद में पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि परिजनों ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी है। संवाद