पूरनपुर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर दौड़ में एरिका कौशल और हरीश चंद्र ने बाजी मारी। लंबी कूद में अनुरीत कौर, बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में ऋषि कुमार, जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में एरिका कौशल ने बाजी मारी।
सेंट जोसेफ स्कूल के मैदान पर शुरू हुई प्रतियोगिता में विधायक बाबूराम पासवान ने दौड़ को झंडी दिखाकर शुरू कराया। साथ ही खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। पहले दिन सब जूनियर बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में एरिका कौशल, जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर में हरीश चंद्र, जूनियर बालिका वर्ग की लंबी कूद में अनुरीत कौर, सीनियर बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में ऋषि कुमार ने बाजी मारी। सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड में दिलशाद, जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में एरिका कौशल, सब जूनियर बालक वर्ग में फैसल, जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में श्रद्धा पांडेय, जूनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में अर्जुन, सब जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मोहम्मद अबि ने बाजी मारी।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी छविराम सिंह ने बताया कि बुधवार को एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिता होगी। इस अवसर पर एसडीएम अजीत कुमार सिंह, डीडीओ संजय कुमार, डीसी मनरेगा / बीडीओ हेमंत कुमार यादव, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार आदि मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में संजीव कुमार कुशवाहा, शांति स्वरूप, भवानी शंकर, रेहान खां, जसप्रीत सिंह, संजय पांडेय, पिंकी सिंह, रामआसरे शामिल रहे। संचालन शिक्षक मोहम्मद वसी अहमद खान ने किया।