नोएडा। कोतवाली फेज टू क्षेत्र स्थित नयागांव में मंगलवार दोपहर घर में घुसकर एक युवक पर तीन लोगों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नयागांव में रहने वाले अख्तर हुसैन ने पुलिस से शिकायत की है कि वह एक कंपनी में काम करता है। 30 सितंबर की दोपहर करीब ढाई बजे वह कमरे पर था। तभी पड़ोस में रहने वाले रिजवान, इबरार और उसका भाई इसरार जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी उसे मरा समझकर भाग गए। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली फेज टू के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है ।