ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जिम्स में रविवार को ऑर्थोपेडिक्स विभाग की ओर से युवा ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों के शल्य चिकित्सा कौशल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उच्च-प्रभावशाली ‘ऑर्थो एसेंट’ कार्यशाला की गई। जॉनसन एंड जॉनसन इंस्टीट्यूट के सहयोग और ग्रेटर नोएडा ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में 60 से अधिक स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों और डीएनबी रेजिडेंट्स ने भाग लिया। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण के दौरान सटीकता, ऊतक प्रबंधन और सर्जिकल दक्षता पर विशेष जोर दिया। विभागाध्यक्ष डॉ. विकास सक्सेना ने कहा कि व्यवस्थित व्यावहारिक प्रशिक्षण शल्य चिकित्सा शिक्षा की मजबूत नींव है। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक रस्तोगी, ग्रेनो ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एपी सिंह और मैक्स अस्पताल के सलाहकार ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सूर्यकांत भी मौजूद रहे।