नोएडा (संवाद)। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन नोएडा की ओर से रविवार को ब्रज रस भजन क्लबिंग कार्यक्रम किया गया। इसमें 800 से अधिक युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही भजन क्लबिंग की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए इस्कॉन ने वृंदावन की दिव्य भक्ति संस्कृति को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम शाम 4:15 बजे हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय भजनों के साथ शुरू हुआ। लोगों की भक्ति से पूरा वातावरण प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे। आयोजकों ने बताया कि ब्रज रस का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भक्ति, आध्यात्मिकता और आंतरिक शांति से जोड़ना है।