ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के साथ शादी की बात को लेकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। करन एन्क्लेव चिपियाना बुजुर्ग निवासी हरीशंकर कौशिक के अनुसार 24 फरवरी की शाम उनके पुत्र अंकित कौशिक को ग्रीन एन्क्लेव के पास विमलेश यादव, राम यादव और कुछ अज्ञात लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर अंकित के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने युवक को कुछ दूर ले जाकर दोबारा धमकाया और यह कहते हुए छोड़ दिया कि वह एक युवती से शादी करने की बात कर रहा है। इसलिए उसे सबक सिखाया गया है। घटना के बाद अंकित घायल अवस्था में घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।