नोएडा(संवाद)। सेक्टर-12 स्थित सत्यनारायण सदन में महिला पतंजलि योग समिति नोएडा की ओर से शनिवार को एक दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन योगगुरु स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण तथा जिला प्रभारी अलका रानी चौहान के निर्देशन में किया गया। कार्यशाला के दौरान षट्कर्म क्रियाएं, दैनिक योगाभ्यास, औषधियों का परिचय, एक्यूप्रेशर, सेवा एवं दान की महिमा, स्वदेशी और प्राकृतिक चिकित्सा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कार्यशाला को स्वास्थ्यवर्धक और उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की। कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षिका राजबाला दीदी एवं सत्या की विशेष भूमिका रही।