अवैध काॅलोनियों पर चला यीडा का बुलडोजर
- प्लाट खरीदारों ने अधिकारियों पर आरोप लगाकर उठाए सवाल
नंबर
9000 वर्गमीटर जमीन मुक्त कराई
- 200 करोड़ है जमीन की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। अवैध तरीके से काटी गई जहांगीरपुर व उसके आसपास की काॅलोनियों पर यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र (यीडा) ने बुलडोजर चला दिया। शुक्रवार को हुई कार्रवाई में करीब 9000 वर्गमीटर जमीन मुक्त कराई गई। जिसकी कीमत करीब 200 करोड़ बताई गई है। वहीं इन काॅलोनियों के प्लाट खरीदारों ने यीडा की टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। हालांकि भारी पुलिस फोर्स व पीएसी की मौजूदगी के चलते लोगों ने कोई विरोध नहीं किया। लेकिन खरीदारों ने सोशल मीडिया व ट्वीट कर नाराजगी प्रकट की।
शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह, एसीपी जेवर रूद्र कुमार सिंह, एसएसआई सुनील भारद्वाज व यीडा के ओएसडी शैलेन्द्र कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ जहांगीरपुर के पास जेवर खुर्जा रोड स्थित अलीअहमदपुर उर्फ गढ़ी गांव पहुंची। यहां अधिसूचित क्षेत्र में अवैध तरीके से काटी गई कॉलोनी ध्वस्त कर दी गई। जिसके बाद जहांगीरपुर में पेट्रोल पंप के आसपास अवैध काॅलोनियों एवं आफिस गिरा दिए गए। जहांगीरपुर कस्बे में छह से अधिक जगहों पर प्राधिकरण के दस्ते ने कार्रवाई की। प्राधिकरण के अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि काॅलोनाइजर के झांसे में आकर प्राधिकरण के अधिसूचति क्षेत्र में प्लॉट नहीं खरीदें।
बोर्ड लगाकर काटते काॅलोनी तब नहीं गई अफसरों की नजर
लोगों ने कहा कि जिस समय काॅलोनाइजर काॅलोनियों को काटकर बोर्ड लगाकर प्रचार करते हैं। लंबे समय तक प्लाट की खरीद फरोख्त होती है रजिस्ट्री होती है। उस समय अधिकारी ध्यान नहीं देते। आशियाने की आस में लोग जब गाढ़ी कमाई खर्च कर लेते हैं और काॅलोनाइजर अपना काम पूरा कर लेता है तब प्राधिकरण के अफसर बुलडोजर लेकर पहुंचते हैं।
एयरपोर्ट के करीब का झांसा देकर काटी जा रहीं काॅलोनियां
सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि जेवर उसके आसपास के गांव में एयरपोर्ट के आसपास यहां तक की तीसरे व चौथे चरण में एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की जाने वाली अधिसूचित जमीन पर काॅलोनाइजरों ने अवैध तरीके से प्लाटिंग की है। जेवर क्षेत्र में कई जगह पर अवैध प्लॉटिंग चल रही है। जिन पर कार्रवाई नहीं की है।