ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट की नींव जल्द रखने की तैयारी है। यमुना प्राधिकरण ने सोमवार को ज्यूरिख इंटरनेशनल की एसपीवी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को जमीन का कब्जा लेने के लिए पत्र भेज दिया है। कंपनी से कब्जा लेने और काम जल्द शुरू कराने की बात कही है।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर जमीन पर बनना है। पहले रनवे बनाने के लिए जिस जमीन की जरूरत थी, उसमें 238 किसान परिवारों को विस्थापित करना था। हाल ही में उन किसानों को आवासीय भूखंड दे दिए गए। अब पूरी जमीन मिल चुकी है। निर्माण शुरू करने के लिए जमीन पर कब्जा दिया जाना है।
इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को पत्र भेज दिया गया है। उनको शीघ्र ही कब्जा मिल जाएगा। राज्य सरकार जल्द ही एयरपोर्ट की नींव रखने की तिथि का एलान कर सकती है। उन्होंने बताया कि कंपनी को 7 अप्रैल से पहले कब्जा देने की अंतिम समय सीमा है। उससे एक माह पहले ही पत्र भेज दिया गया है।
---
यीडा की कमाई 2000 करोड़ के पार
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की कमाई पहली बार 2000 करोड़ के पार पहुंच गई है। यह रकम बीते साल की तुलना में करीब दोगुना है। इसमें सबसे अधिक आमदनी संपत्तियों के आवंटन से हुई है। सीईओ ने बताया कि इस रकम को यीडा सिटी एरिया में आने वाली परियोजनाओं, सेक्टरों व गांवों के विकास पर खर्च किया जाएगा।
आने वाले दिनों में फिल्म सिटी का विकास, एमआरओ सेंटर के लिए जमीन, नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण की जमीन, लॉजिस्टिक हब व इलेक्ट्रॉनिक्स हब आदि के लिए भी जमीन का इंतजाम करना है। इस रकम से यीडा सिटी का तेजी से विकास हो सकेगा।