ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जिले की खिलाड़ी यश्वी मावी ने महाराष्ट्र में हुई राष्ट्रीय स्पीड स्प्रिंट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-19 वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में जिले की टीम का भी शानदार प्रदर्शन रहा। महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साईं पालखी में 16 से 21 सितंबर तक राष्ट्रीय स्पीड स्प्रिंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के 1200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
ग्रेनो के सेक्टर स्वर्ण नगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल की अंडर-19 बालिका वर्ग की खिलाड़ी यश्वी मावी ने स्पीड स्प्रिंट स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। स्कूल की एडिशनल वाइस प्रिंसिपल (स्पोर्ट्स) नीरज सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालिका वर्ग की डीडीएसआर स्पर्धा में जेपी पब्लिक स्कूल की टीम चौथे स्थान पर रही। टीम में गणिका महाजन, योग्या वर्मा, यश्वी मावी और अंशिका शक्य शामिल रहीं। इसी टीम ने एसआरएस एंड डीयूआर स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल किया।
अंडर-14 वर्ग में आरीका सिंह, मानवी शर्मा और मिष्टी गर्ग ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सातवां स्थान हासिल किया। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करना इन खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव रहा। खिलाड़ियों की तैयारी में स्पोर्ट्स कोच सुनील कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्कूल की प्रधानाचार्य मीता भंडूला ने खिलाड़ियों को बधाई दी।