ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर की पहलवान अंजू कुमारी ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। इसमें कई राज्यों से 250 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया। कोच रंजीत पहलवान ने बताया कि 21 से 24 अगस्त तक झारखंड के रांची में 23वीं राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप हुई। इसमें ग्रेनो के दादरी स्थित मुतेना गांव निवासी अंजू कुमारी ने बेहतर प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि जिले की पहलवान ने प्री-क्वॉर्टर फाइनल में पंजाब की मनीषा को 8-2 अंक से हराया। क्वॉर्टर फाइनल में चंडीगढ़ की पहलवान साक्षी को 10-0 अंक से पराजित किया। सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की पहलवान से 4-3 के स्कोर से हार का सामना करना पड़ा। जिला कुश्ती एसोसिएशन के सचिव चतर सिंह, योगी भाटी, वनीष प्रधान, जितेंद्र भाटी, परीक्षित नागर, पहलवान राजेंद्र भाटी, रविंद्र भाटी, बिजेंद्र भाटी, रवि गुर्जर आदि ने बधाई दी।