आज से शुरू होगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम, घर-घर जाकर दी जाएगी जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में 10 महीनों में जिले में कुष्ठ रोग के कुल 109 मामले सामने आए हैं। इनमें एक भी बच्चा नहीं है लेकिन पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 101 केस से ज्यादा है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभ्रा मित्तल ने बताया कि अप्रैल से दिसंबर के बीच ये मामले सामने आए हैं। सभी मरीजों का इलाज नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग के प्रकार के अनुसार 6 से 12 महीने तक दवा दी जाती है जो पूरी तरह निशुल्क होती है। शुक्रवार से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी।
बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी
डॉ. चांदनी जैन गुप्ता ने बताया कि कुष्ठ रोग एक बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है जो मुख्य रूप से त्वचा और नसों को प्रभावित करती है। यह बीमारी लंबे समय तक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में रहने से फैल सकती है। हालांकि समय पर इलाज शुरू करने पर मरीज 6 से 12 महीने में पूरी तरह ठीक हो सकता है। दवा शुरू होने के कुछ ही हफ्तों बाद संक्रमण फैलने की संभावना समाप्त हो जाती है।
20 से 40 आयु वर्ग के सबसे अधिक लोग
कुष्ठ रोग किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकता है लेकिन 20 से 40 आयु वर्ग में इसके मामले अधिक देखे जाते हैं। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोग और खराब स्वच्छता वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोग अधिक जोखिम में होते हैं।