नोएडा(संवाद)। सेक्टर-125 स्थित एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में सोमवार को परमाणु और रेडियोधर्मी सामग्रियों की सुरक्षित हैंडलिंग विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भाग ले रहे हैं।
एमिटी की निदेशक डॉ. अल्पना गोयल ने बताया कि चिकित्सा, कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में परमाणु विज्ञान की बढ़ती भूमिका के चलते सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आपात स्थितियों जैसे आकस्मिक उत्सर्जन या अवैध तस्करी से निपटने में कारगर साबित होंगे। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज के विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. एम. साई बाबा ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि विशेषज्ञ इस कार्यशाला में सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं पर जानकारी देंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रश्न पूछने और आपसी सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।