बिना नक्शा पास कराए हो रहा था फैक्ट्री में निर्माण
नोएडा। सेक्टर-11 के एफ-62 में शुक्रवार शाम निर्माणाधीन फैक्ट्री का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। प्राधिकरण ने मामले में जांच शुरू कराई है। इसमें पता चला है कि जहां निर्माण किया जा रहा था, वहां के लिए कोई नया नक्शा पास नहीं कराया गया था।
प्राधिकरण के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि इंजीनियरों की टीम ने मुआयना कर लिया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में अवैध निर्माण करने और उसके लिए नया नक्शा पास नहीं कराने की बात सामने आ रही है। जल्द ही अंतिम रिपोर्ट सामने आने पर प्राधिकरण कार्रवाई करेगा। अगर नक्शे से इतर निर्माण की अंतिम रिपोर्ट सामने आती है तो नियम के तहत आवंटन निरस्त करना पड़ेगा। शहर में जितनी भी इंडस्ट्रियल यूनिट हैं। वहां-वहां प्राधिकरण सर्वे करेगा। अगर नियमों के इतर कोई भी मामला पकड़ में आता है तो कार्रवाई होगी।
अवैध निर्माण कहां नहीं है
अगर प्राधिकरण इमानदारी से अवैध निर्माण पकड़ने के लिए सर्वे शुरू करे तो हजारों इमारतें सामने आ जाएंगी, जहां अवैध निर्माण कर कहीं बालकनी बढ़ाई गई है तो कहीं पार्किंग के हिस्से का अतिक्रमण कर लिया गया है। कहीं-कहीं प्राधिकरण की पूरी जमीन ही हड़प ली गई है। ऐसे में प्राधिकरण के लिए मामले में किसी तरह की कार्रवाई आसान नहीं होगी।
जर्जर इमारतों का क्या हुआ
प्राधिकरण ने कुछ वर्ष पहले एक सर्वे कराया था। इसमें कुछ इमारतें इतनी जर्जर थीं कि उन्हें गिराने की संस्तुति की गई थी, लेकिन आज भी ऐसी इमारतों को नहीं गिराया गया। मामले में प्राधिकरण ने कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि उस दौरान इमारतों के गिरने के कई मामले सामने आए थे। इसके बावजूद वह सर्वे ठंडे बस्ते में चला गया। अब अगर उक्त जर्जर इमारत में कोई रह रहा होगा तो वह खतरे में होगा।