ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर अल्फा-1 के गेट नंबर-2 के पास सेंट जोसेफ स्कूल के बाहर टूटी सड़क, गहरे गड्ढों और खुली नालियों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतों का ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने संज्ञान लिया। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की टीम ने मरम्मत और सुधार कार्य शुरू कराया। इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि गड्ढों को भरने, खुली नालियों को ढकने और सड़क की मरम्मत जल्द पूरी कराई जाए। एक्टिव सिटीजन टीम के पदाधिकारियों ने भी स्कूल के बाहर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।