- खेड़की दौला टोल को पचगांव में किया जाना है शिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पचगांव में टोल प्लाजा बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। यह टोल प्लाजा 28 एकड़ में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। एनएचएआई के अनुसार खेड़की दौला टोल को छह माह में पचगांव में शिफ्ट कर दिया जाएगा। पचगांव में टोल प्लाजा 14 लेन का होगा जिसमें से 12 लेन फास्टैग सिस्टम वाले वाहनों के लिए होगा। दोनों तरफ एक-एक लेन टोल अन्य वाहनों के लिए होगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि इसमें छह से आठ माह का समय लग सकता है।
टोल स्थानांतरित करने से हजारों लोगों को मिलेगी राहत
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच‑48) पर गुरुग्राम स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा को पचगांव में स्थानांतरित करने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी। इससे करीब 15 किमी तक की टोल‑फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी और दिल्ली से मानेसर तक की यात्रा भी सुगम होगी। लोगों का कहना है कि सरकार के इस फैसले से आईएमटी मानेसर समेत अन्य लोगों को राहत मिलेगी। दिल्ली और मानेसर के बीच यात्रा करने वालों को टोल नहीं देना पड़ेगा, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ भी होगा। इसके अलावा तीन दर्जन हाईराइज सोसाइटियों के लोगों को भी टोल से मुक्ति मिलेगी।