जीरो प्वाइंट से नोएडा एयरपोर्ट तक निर्बाध होगा यातायात, रबूपुरा क्षेत्र में पहले से चल रहा रोड का कार्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। अब गौतमबुद्ध नगर के निवासियों को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचने में यमुना एक्सप्रेसवे के अलावा एक अन्य रोड से भी यात्रा सुगम होगी। यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक ही बनी 60 मीटर रोड पर दनकौर में पिछले 13 वर्षों से रुका लगभग आधे किलोमीटर रोड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां पर जेसीबी के माध्यम से पहले सड़क की मिट्टी को समतल किया जा रहा है। इस रोड के बनने के बाद जीरो प्वाइंट से फलैदा कट तक वाहन चालक निर्बाध रूप से जा सकेंगे।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की फिनिशिंग का कार्य जल्द पूरा होने वाला है। एयरपोर्ट बनने के साथ इसके आसपास सड़कों का पूरा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से जेवर तक जाने वाली 60 मीटर चौड़ी छह लेन की रोड पर अवरोधों को दूर किया जा रहा है।
यह रोड यमुना एक्सप्रेसवे के साथ ही बनाई गई थी। हालांकि, दनकौर, रबूपुरा और जेवर के दयानतपुर के निकट तीन स्थानों पर किसानों से भूमि विवाद के बाद काम रुका हुआ था। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की ओर से दनकौर और रबूपुरा में रुके निर्माण कार्य से कुछ दूरी पर सड़क को घुमाकर दूसरे स्थान से निकाला गया था। अभी कुछ दिन पहले रबूपुरा में नारायण पब्लिक स्कूल के सामने रुके पड़े कार्य पर सहमति बनी थी। यहां पर लगभग 400 मीटर स्ट्रेच पर निर्माण चल रहा है, जो 15 नवंबर तक पूरा होने की संभावना है।
अब दनकौर क्षेत्र में 60 मीटर चौड़ी छह लेन की रोड पर किसानों से सहमति बनने के बाद निर्माण शुरू कर दिया गया है। यहां पर जेसीबी और अन्य माध्यमों से मिट्टी को समतल किया जा रहा है। साथ ही बंद पड़ी सड़क पर झाड़ियां उग आईं थी। इन्हें भी साफ किया जा रहा है। लगभग एक माह में इसका निर्माण कार्य पूरा करने की संभावना है। इसके बाद जीरो प्वाइंट से रबूपुरा के फलैदा तक यातायात संचालन निर्बाध हो सकेगा।
-
जेवर के दयानतपुर में भी जल्द कार्य शुरू होने की संभावना
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि दनकौर और रबूपुरा में किसानों से सहमति के बाद रोड का कार्य शुरू किया जा रहा है। रबूपुरा के फलैदा गांव के आगे तक रोड बनी हुई है। जेवर के दयानतपुर क्षेत्र में किसानों से भूमि को लेकर बातचीत हुई है। माना जा रहा है कि जल्द ही सहमति बनने के बाद रोड बनाकर इस रास्ते को शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट तक जाने का एक और रास्ता लोगों को मिल सकेगा।
-
दनकौर में किसानों की सहमति के बाद 60 मीटर रोड पर निर्माण शुरू कर दिया गया है। इस रोड के बनने के बाद वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। -शैलेंद्र सिंह, ओएसडी, यमुना प्राधिकरण