नोएडा। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को छलेरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर घरेलू हिंसा व दहेज उन्मूलन थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की हब टीम से डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर मीनाक्षी ने महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और दहेज उन्मूलन कानून के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, शासन की संचालित योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और वन स्टॉप सेंटर के बारे में भी जानकारी साझा की। महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और बाल हेल्पलाइन 1098 के उपयोग से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां अभिलाषा, अंजना, पूनम सहित क्षेत्र की कई महिलाएं उपस्थित रहीं। ब्यूरो