तावडू। गांव चीला में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को जहर देकर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर ससुराल पक्ष के पांच नामजद लोगों के खिलाफ हत्या सहित दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित सहजाद पुत्र रशीद निवासी गांव शिकारपूर थाना तावडू ने बताया कि वर्ष 2016 में मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार उसकी बहन शबनम की शादी आकिल पुत्र शेर खान निवासी गांव चीला थाना तावडू के साथ हुई थी। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया लेकिन ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने शादी के बाद से ही पीड़ित की बहन का दहेज की खातिर उत्पीड़न शुरू कर दिया और कार व एक लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। जब उसकी बहन ने दहेज लाने में असमर्थता जाहिर की तो आरोपी ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकी देने लगे और आए दिन मारपीट करते। कई बार बिरादरी तौर पर आरोपियों को समझाया गया लेकिन ससुराल वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। पीड़ित का आरोप है कि गत 25 अक्तूबर को ससुराल वालों ने उसकी बहन को जहर देकर मार दिया। पुलिस ने आरोपी पति आकिल, ससुर शेर खां, सास समीना, देवर जाहुल व कयूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।