निजी अस्पताल में महिला की स्वाइन फ्लू से मौत
नोएडा। सेक्टर-62 के निजी अस्पताल में कई दिनों से स्वाइन फ्लू का इलाज करा रहे दंपती में बृहस्पतिवार को महिला ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने भी इसकी पुष्टि की है। विभाग ने इस तरह के मरीजों का इलाज कराने को कहा है। सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि अस्पताल में करीब एक सप्ताह से दूसरे जिले के एक दंपती को बुखार की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। मगर स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर दोनों को अलग-अलग आईसोलेशन वार्ड में रखा गया। महिला की उम्र करीब 67 वर्ष थी और पुरुष 72 वर्ष के हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह जिले में स्वाइन फ्लू के लक्षण और उनकी पहचान के बारे में लोगों को शिविर लगाकर या पंफ्लेट चस्पा कर जागरूक करें। ताकि इस तरह की बीमारी को पहले ही रोका जा सके। शुगर के मरीज को यदि सर्दी जुकाम होता है तो एहतियात बरतें और तुरंत डॉक्टरों से सलाह लें। सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू के वायरस की ए, बी और सी तीन श्रेणी है। इनमें ए और बी श्रेणी सामान्य है लेकिन सी श्रेणी घातक साबित हो सकती है। इससे मरीज सीधे वेंटिलेटर तक पहुंच जाता है।