पुन्हाना। गांव लुहिंगाकला में शुक्रवार को श्मशान की सफाई करने पहुंचे दलित समाज की महिलाओं और पुरुषों के साथ दबंगों ने मारपीट की। उन्होंने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर एक महिला सहित तीन लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर गांव के आठ लोगों के खिलाफ मारपीट करने, पैसे छीनने, जातिसूचक गालियां देने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, श्मशान घाट की करीब पांच एकड़ जमीन में से 4 एकड़ से अधिक जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर घर बना लिए हैं। बाकी की जमीन पर गोबर के उपले और लकड़ियां डाल रखी है। दौलत राम व शिवलाल ने बताया कि शुक्रवार को उनके कुछ लोग श्मशान में खड़ी काबली किकर व झाड़ियों को साफ करने के लिए गए थे। इस दौरान गांव के ही रत्ती, इरशाद, जुन्ना, जुनेद, कमरू, सहाब, आसिफ, नस्सी, असमीना आदि ने हमला कर दिया। जिसमें दौलत, रचना और प्रदीप को गहरी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां भी दीं। सरपंच सलीम और मेंबर पंचायत किरण पाल ने बताया कि दबंगों ने काफी समय से कब्जा कर रखा है। पिछले साल पंचायत के फैसले में आरोपियों ने खाली पड़ी जमीन पर कब्जा न करने और उसमें खड़ी काबली कीकरें न काटने का वादा किया था, लेकिन शुक्रवार को मारपीट कर पंचायत के फैसले का उल्लंघन किया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।