हिसार। मंगाली निवासी कुलदीप के सुसाइड केस मामले में एक नया मोड़ आया है। वीरवार को गांव फ्रांसी में बंद मकान से जींद की महिला का शव मिला। शव करीब 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कुलदीप इस मकान को ताला लगाकर गया था, जिसने बुधवार को मंगाली गांव में सुसाइड कर लिया। उधर महिला के परिजनों की तरफ से जींद के सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज करवा रखा है।
इस केस के अनुसार महिला को कुलदीप नाम का व्यक्ति अपने साथ ले गया। महिला के शव की सूचना मिलने पर परिजन रात को अग्रोहा पहुंचे। शुक्रवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि फ्रांसी गांव में लोगों को एक बंद पड़े मकान से बदबू आई। इस पर ग्रामीणों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अंदर एक शव पड़ा देखा। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर दरवाजा खोला तो पता चला कि यह महिला का शव है। शव काफी बुरी हालत में था जो करीब 4 दिन पुराना है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो सामने आया कि जींद के सिविल लाइन थाने में इस महिला के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है जो महिला की बेटी के बयान पर दर्ज की गई थी। महिला का नाम पूनम है और गुमशुदगी की रिपोर्ट के अनुसार महिला की उम्र करीब 38 साल है। साथ ही में उसमें कहा गया है कि महिला कुलदीप के साथ गई है। उधर कुलदीप ने बुधवार को मंगाली में जाकर सुसाइड कर लिया।