गैस हीटर से दम घुटने से बेहोश महिला ने तोड़ा दम
- छिजारसी में 25 जनवरी की रात हुए हादसे में पति और बेटे की हो गई थी मौत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। छिजारसी कॉलोनी में 25 जनवरी की रात गैस हीटर से दम घुटने से बेहोश हुई महिला ने शनिवार रात दम तोड़ दिया। उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। 25 जनवरी की रात हुए हादसे में पति और चार माह के बेटे की मौत हो गई थी।
मूलरूप से पूरनपुर, पीलीभीत निवासी शम्मू (35) छिजारसी में पत्नी उजमा और चार माह के बेटे मोहम्मद अली के साथ रहते थे। शम्मू सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में सिलाई का काम करते थे। 25 जनवरी की रात को बच्चे को ठंड से बचाने के लिए शम्मू कमरे में हीटर जलाया था। तीनों कमरे में सो गए थे। सुबह जब शम्मू के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तब पड़ोसियोंं ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो तीनों बेहोश पड़े थे। तीनों को अस्पताल ले जाया गया तो शम्मू व उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया था। जबकि उजमा का अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार रात को उजमा ने दम तोड़ दिया।