मॉडलिंग का झांसा देकर महिला से 32 लाख की ठगी
जालसाजों ने एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने बच्चों के प्रोडक्ट की ब्रांडिंग के लिए मॉडलिंग करने का झांसा देकर महिला से 32 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब पुलिस से शिकायत की गई।
साइबर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-79 में रहने वाली तबिंडा इमाम ने पुलिस से शिकायत की है कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हैं और मॉडलिंग भी करती हैं। 19 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक मॉडलिंग करने वाली एजेंसी का विज्ञापन दिखा। इसके लिंक पर क्लिक किया तो वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गईं। ग्रुप में मैसेज पर बच्चों के प्रोडक्ट की मॉडलिंग करने की जानकारी दी गई। हालांकि इससे पहले प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में रकम निवेश करने के लिए कहा गया। आरोपियों ने दावा किया कि पूरी रकम कुछ दिन में वापस कर दी जाएगी। महिला जालसाजों के झांसे में आकर एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया। महिला ने पहले 90 हजार रुपये और धीरे धीरे कई चरण में 17 लाख 17 हजार 900 रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। यह रकम वेबसाइट पर बिटकॉइन में निवेश की तरह दिखाई दी। कुछ दिन बाद ठगों ने बताया कि आपका अकाउंट फ्रीज हो गया। इसके लिए फिर से जमा की राशि का 100 प्रतिशत रकम देने होंगे। तभी खाता चालू होगा। पीड़िता ने फिर से लगभग 15 लाख रुपये और कुल 32 लाख 17 हजार 800 रुपये ठगों के खाते में भेज दिए। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पहली बार अपनी बचत से रकम जमा किया था लेकिन बाद में करीब 15 लाख रुपये ज्वेलरी गिरवी रखकर लोन लिया था। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की गई है और उन खातों की जांच की जा रही है, जिनमें रकम भेजी गई है।