पुलिस के मुताबिक, प्रभजोत कौर करीब तीन दिन पहले सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर आई थीं। सोमवार सुबह घर में बहन और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। प्रभजोत ने मॉर्निंग वॉक पर जाने की बात कही और बाहर निकल गईं। इसके बाद वह पार्क जाने के बजाय सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर स्थित कॉमन एरिया में पहुंच गईं।
स्टूल की मदद से महिला ऊंचाई तक पहुंचीं
पुलिस के अनुसार कॉमन एरिया में रखे प्लास्टिक के स्टूल की मदद से महिला ऊंचाई तक पहुंचीं और वहां से नीचे गिर गईं। गिरने की आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल महिला को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे हैं, जो गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।