उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर की घटना, 12 साल बेटी के बयान पर किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में बुधवार रात बाथरूम में साबिया (32) की तेजाब पीकर जान दे दी। दयालपुर थाना पुलिस ने महिला की 12 साल की बेटी के बयान पर पति जाहिद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिवार के हवाले कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, साबिया चांद बाग में रहती थी। परिवार में पति जाहिद के अलावा 12 साल की बेटी है। बेटी सातवीं कक्षा की छात्रा है। पुलिस को दिए बयान में मासूम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पिता रोजाना शराब पीकर घर आ रहे थे। साथ ही, मां को छोटी-छोटी बातों पर बुरी तरह पीटते थे। बुधवार पिता घर में शराब पी रहे थे। किसी बात पर उनका साबिया से झगड़ा हो गया। इसके बाद पिता ने साबिया को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। कहासुनी के बीच मां रात करीब 9 बजे बाथरूम में गई और तेजाब पीकर छटपटाने लगी। इस दौरान साबिया का नंदोई पहुंचा। उसने साबिया के भाई को कॉल कर सूचना दी। इसके बाद साबिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बेटी के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी जाहिद को हिरासत में लिया गया है।
शुजात आलम