शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज में स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी और एमकॉम की कक्षाओं के संचालन के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। उच्च शिक्षा निदेशालय से बराबर पत्राचार के बाद भी इस दिशा में कार्रवाई नहीं हो रही है। छात्र-छात्रा पढ़ाई के लिए देहरादून या ऋषिकेश जाने के लिए मजबूर हैं।
डोईवाला महाविद्यालय गठन के 25 सालों बाद भी डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को एमएससी और एमकॉम की कक्षाओं में प्रवेश के लिए देहरादून और ऋषिकेश जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। डोईवाला कॉलेज में स्नातक स्तर तक वाणिज्य और विज्ञान की कक्षाएं संचालित की जा रही है। स्नातकोत्तर स्तर पर अभी सुविधा का अभाव है।
डोईवाला महाविद्यालय में छात्र संख्या में भी लगातार इजाफा होत रहा है। लेकिन एमएससी और एमकॉम की कक्षाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ है। छात्र नेता सावन राठौर ने कहा कि सरकार डोईवाला महाविद्यालय की उपेक्षा कर रही है। यह तब है जब छात्रसंघ पर उनके ही लोग काबिज हो रहे है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस छात्र हित में इस मुद्दे को लेकर संघर्ष करेगी। डोईवाला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेश प्रसाद भट्ट ने बताया कि कॉलेज में एमएससी और एमकॉम की कक्षाओं के संचालन के लिए सभी सुविधाएं मौजूद है। इस मामले को लेकर उच्च शिक्षा निदेशालय से बराबर पत्राचार किया जा रहा है।