नोएडा के सेक्टर- 39 में निर्माणाधीन जिला अस्पताल।
दिसंबर से नए जिला अस्पताल में करा सकेंगे इलाज
नोएडा। सेक्टर-39 में 450 करोड़ की लागत से बन रहे नए जिला अस्पताल का काम लगभग पूरा हो चुका है। 200 बेड की सुविधा वाले इस अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर भी बनाया गया है। इससे सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को तुरंत उपचार मिल सकेगा। उन्हें दिल्ली तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि वर्तमान में सेक्टर-30 में संचालित जिला अस्पताल का हाल बेहाल है। उसकी मेंटेनेंस पर करीब 60 लाख रुपये का खर्च है। इसे देखते हुए नए जिला अस्पताल का उद्घाटन दिसंबर की शुरुआत में ही कर दिया जाएगा। इसके उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के शामिल होने की बात कही जा रही है।
सेक्टर-39 में अस्पताल का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम करा रहा है। यहां पर दो टावर बनाए गए हैं। एक में जिला अस्पताल से संबंधित काम होंगे जबकि दूसरे में 72 फ्लैट बनाए गए हैं। इनमें से 68 फ्लैट तीन बीएचके और 4 फ्लैट फोर बीएचके हैं। नए जिला अस्पताल का 95 फीसदी सिविल और 80 फीसदी बिजली का कार्य पूरा हो चुका है। दिसंबर तक सेक्टर-30 में संचालित जिला अस्पताल को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। सीएमओ के अनुसार अस्पताल के मुख्य भवन की फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। बाउंड्रीवाल और बाहरी विकास कार्य 95 फीसदी पूरे हो चुके हैं। ओटी, एसटीपी व गैस पाइप के टेंडर नहीं होने की वजह से पीवीसी, फ्लोरिंग, वुडन फ्लोरिंग, आंतरिक पेंटिंग, टफ एंड ग्लास, फ्रेमलेस डोर आदि का काम अभी नहीं हो पाया है। यह कार्य भी जल्द शुरू होेंगे। पहले भी जिला अस्पताल सेक्टर-39 में ही संचालित था। नया अस्पताल तैयार पर वह हिस्सा चाइल्ड पीजीआई को दे दिया जाएगा।