पहले 16 जनवरी तक मांगे गए थे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राज्य विश्वविद्यालय (गुरुग्राम) में पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉस्फी) के लिए दाखिला आवेदन अब 23 जनवरी तक किए जा सकेंगे। हाल ही में गुरुग्राम विश्वविद्यालय (विवि) ने इसके लिए अधिसूचना जारी की है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 16 जनवरी थी। विवि सूत्रों के अनुसार अंतिम तिथि तक कम आवेदन प्राप्त हुए। ऐसे में छात्र व प्रबंधन की सुविधा के अनुसार दाखिला आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। अब छात्र 23 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
विवि ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें लॉ, मनोविज्ञान(साइक्लॉजी), प्रबंधन (मैनेजमेंट), वाणिज्य (कॉमर्स), लोक प्रशासन (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन), औषधि विज्ञान (फार्मास्यूटिकल साइंस) विभाग की कुल 38 सीटों पर दाखिले होने हैं। सबसे अधिक 15 सीटें फार्मेसी विभाग में हैं। इसके बाद प्रबंधन में आठ और अन्य प्रत्येक संकाय में चार सीटों पर दाखिला आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विवि के कुलपति दिनेश कुमार ने बताया कि पीएचडी दाखिला आवेदन की अंतिम तारीख में बदलाव किया गया है। इसके अनुसार ही अब विवि की वेबसाइट पर प्रवेश परीक्षा की तारीख की घोषणा की जाएगी। हालांकि दो और तीन फरवरी को प्रवेश परीक्षा कराने की तैयारी है। इसकी सूचना पूर्व में जारी दाखिला आवेदन विवरण पुस्तिका में ही दी गई है।