ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 स्थित व्हाइट ऑर्किड सोसाइटी निवासियों ने लगातार हो रही बिजली कटौती से राहत दिलाने की मांग की है। निवासियों ने वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल से हस्तक्षेप की मांग की है। सोसाइटी की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि दो वर्षों से बिजली आपूर्ति को ग्रामीण फीडर से शहरी फीडर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया लंबित है। सोसाइटी के एओए के पदाधिकारियों ने कहा कि बिजली बाधित होने से लिफ्ट, पानी की आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। एओए के कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार गोयल ने बताया कि यूपीपीसीएल अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद इसका समाधान नहीं हुआ।