-तपती गर्मी ने बढ़ाई आइसक्रीम और पानी के बोतलों की मांग
-प्याऊ की व्यवस्था न होने से बोतल खरीदकर पी रहे राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। चिलचिलाती धूप ने लोगों को पर्दों में कैद कर दिया। महिलाएं दुपट्टे से चेहरे को बचाती नजर आईं, वहीं पुरुषों ने गमछे का सहारा लिया। सोमवार को तापमान तकरीबन 42 डिग्री के आसपास रहा। लेकिन हालात इससे भी ज्यादा गर्म थे। तपती गर्मी के साथ-साथ गर्म हवाओं ने मौसम को और संगीन बना दिया।
-प्याऊ की व्यवस्था न होने से परेशान राहगीर
शहर में प्याऊ की उचित व्यवस्था न होने से राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है। तपती गर्मी में लोग दुकानों में बिक पानी के पाउच और बोतल का सहारा ले रहे हैं। राहगीर सत्यम ने बताया कि परी चौक से लेकर नॉलेज पार्क तक पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में हमें या तो बाहर से पानी खरीदना पड़ता है या फिर घर से पानी की बोतल घर से लेकर चलना पड़ता है।
-
बढ़ी आइसक्रीम व कोल्डड्रिंक की बिक्री
गर्मी से राहत के लिए आजकल लोग हर ठंडे खाद्य पदार्थ को तवज्जों दे रहे हैं। इन्ही में से एक आइसक्रीम व कोल्डड्रिंक की मांग बढ़ गई है। जगह-जगह लगे आइसक्रीम की ठेलियों पर लोग नजर आ रहे हैं। रास्तों में लगे आइसक्रीम की ठेलियों पर राहगीर रुककर सुकून से आइसक्रीम का मजा ले रहे हैं। आइसक्रीम विक्रेता सलमान ने बताया कि गर्मी में तापमान बढ़ने के साथ-साथ आइसक्रीम की ब्रिकी भी बढ़ने लगती है। दोपहर से शाम तक आइसक्रीम के लिए लोग आते रहते हैं।
-पेड़ दे रहे राहत
इस भीषण गर्मी में ग्रेटर नोएडा शहर में लगे पेड़ों से राहगीरों को राहत मिल रही है। लोग यात्रा के दौरान रास्ते पेड़ों के नीचे बैठकर गर्मी से बचाव कर रहे हैं।