- रबूपुरा के कंपोजिट स्कूल तिरथिली के बच्चों ने तीन प्रतियोगिताओं में जीते 96 मेडल
- स्कूल के 58 बच्चों ने किया था प्रतिभाग ब्लॉक, जिला और मंडल स्तर पर जीते पदक
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी।
‘कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं होता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों।’ यह बात रबूपुरा के बेसिक शिक्षा विभाग के कंपोजिट विद्यालय तिरथली के बच्चों पर बिल्कुल सटीक बैठती है। जिन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपने कस्बे का नाम रोशन करते हुए ब्लॉक, जिला और मंडल स्तर पर 96 मेडल जीते हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग हर साल स्कूल के होनहारों को आगे बढ़ाने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराता है, ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चों की प्रतिभाएं निखर सकें। शिक्षण सत्र 2025-26 की प्रतियोगिताओं में कंपोजिट स्कूल तिरथली के 58 बच्चों ने भाग लिया था और 64 मेडल जीते थे। इसके बाद 24 होनहारों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ब्लॉक की टीम में हुआ था। इन 24 बच्चों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 28 मेडल हासिल किए.
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जीते चार मेडल
स्कूल के हेडमास्टर और खेल कोच रौदास सिंह ने बताया कि 20 होनहारों ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में भी होनहारों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए चार मेडल हासिल किए हैं। इसमें पीटी की टीम ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। कक्षा 8 की छात्रा काफिया ने गोला फेंक में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 5 की छात्रा चंचल ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता। कक्षा 4 की छात्रा आलिया ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता है।
-
बच्चों की माताओं ने बढ़ाई हाजिरी, तो बेहतर हुआ प्रदर्शन
हेडमास्टर रौदास सिंह ने बताया कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने में उनकी माताओं का विशेष योगदान रहा। माताओं ने बच्चों को रोज स्कूल भेजा, जिससे उनका प्रशिक्षण अच्छा हो सका। इसके लिए स्कूल में पढ़ने वाले 25 बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि अब स्कूल के बच्चों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है।