वैनी। रायपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव में सूने पड़े घर का ताला चटकाकर चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तरफ से 60 हजार नकद, दो लाख से अधिक जेवरात चोरी जाने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रायपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव निवासी बबुंदर पत्नी-बच्चों को साथ लेकर छठ पर्व मनाने गए हुए थे। बुधवार की शाम घर वापस आए तो देखा कि घर में रखे बक्से का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उनका दावा है कि उन्होंने घर में 60 हजार रुपये नकद और जेवरात में सोने की नथिया, कान की बाली, लाकेट, चांदी की पैंजनी, सोने का मांगटीका, चांदी की मेहंदी रखी हुई थी। सारा सामान गायब था। पीडि़त के मुताबिक किसी तरह गाड़ी चलाकर और कुछ खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता है। घर में नकदी उसने जरूरत के लिए रखी हुई थी। एसओ रामस्वरुप वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।