-ग्रेनो में अचानक आई बारिश ने गर्मी से दी राहत, देर रात तक रुक-रुक होती रही बारिश
-बारिश के कारण वायु प्रदूषण में भी गिरावट, ग्रेनो के कुछ हिस्सों में नहीं गिरी एक भी बूंद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तेज बारिश ने मंगलवार को शहर का मौसम सुहाना कर दिया। लोगों को लंबे समय बाद गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं ने तापमान गिरा दिया। हालांकि बारिश से जगह-जगह जलभराव की समस्या से लोगो को परेशानी उठानी पड़ी। यातायात बाधित रहा। साथ ही वायु प्रदूषण में भी सुधार हुआ है। हालांकि आंकड़ों में इसका असर बुधवार तक दिखेगा। वहीं देर रात तक जगह-जगह रुक-रुककर बारिश होती रही। जबकि ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्से बारिश से वंचित रहे।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तेज हवा के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत दी। बिजली की कड़कडाट के साथ लोगों ने सड़कों पर निकलकर बारिश का मजा भी लिया। बारिश से दादरी नगर की सड़कों पर जलभराव हुआ। वहीं तिलपता के पास 130 मीटर रोड पर बने अंडरपास में भी पानी भर गया। इससे यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की रफ्तार थम गई। लोगों का आरोप है कि डीएफसीसी ने अंडरपास से पानी की निकासी का इंतजाम नहीं किया है। उधर वायु प्रदूषण में सुधार हुआ है। मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 102 और ग्रेनो का एक्यूआई 110 रहा। जो एक दिन पहले भी येलो जोन में रहा था। यूपीपीसीबी के अफसरों का कहना है कि बारिश से वायु प्रदूषण ग्रीन जोन में पहुंच गया है, लेकिन आंकड़ों में इसका असर बुधवार को दिखाई देगी।